महाराष्ट्र सरकार ने चुनिंदा इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीद पर अर्ली बर्ड बेनिफिट स्कीम (early bird benefit scheme) को 31 मार्च तक बढ़ा दिया है। राज्य सरकार की यह स्कीम पहले 31 दिसंबर 2021 को खत्म होनी थी। यह स्कीम सिर्फ दो गाड़ियों- Tata Nexon EV और Tigor EV पर लागू होती है। महाराष्ट्र सरकार की इस स्कीम पर आपको 1 लाख रुपये की छूट मिलेगी, जो ईवी पॉलिसी के साथ मिलकर कुल छूट 2.5 लाख रुपये तक पहुंचा देती है।
ऐसे मिलेगी 2.5 लाख की छूट
महाराष्ट्र ईवी पॉलिसी के तहत इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर प्रति kWh 5000 रुपये का बेसिक इंसेटिव (अधिकतम 1.50 लाख रुपये) दिया जाएगा। इसके अलावा, अर्ली बर्ड बेनिफिट स्कीम के तहत 31 मार्च 2022 तक 1 लाख रुपये की छूट दी जा रही है। इसका मतलब है कि आप महाराष्ट्र में कुल 2.5 लाख रुपये तक की छूट पर इलेक्ट्रिक वाहन खरीद सकते हैं। खास बात है कि Tigor EV के सभी वेरिएंट सब्सिडी के लिए योग्य हैं।
Tata Tigor EV
यह देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार है। इसकी कीमत 11.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। टाटा टिगोर ईवी में 26 kWh की बैटरी दी गई है, जो फुल चार्ज में 306 किलोमीटर तक की रेंज ऑफर करती है। इसकी मोटर 74 bhp और 170 Nm टार्क के आउटपुट देती है।
Tata Nexon EV
टाटा नेक्सॉन ईवी की कीमत 13.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है और यह देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है। इसमें 30.2 kWh की बैटरी दी गई है, जो इलेक्ट्रिक मोटर के जरिए 127 bhp और 245 Nm टार्क आउटपुट जेनरेट करती है। दावा किया जाता है कि नेक्सॉन ईवी फुल चार्ज में 312 किलोमीटर तक चल सकती है।