भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को इंटरनेशनल महिला दिवस के मौके पर पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका की एक फोटो शेयर की है। इस फोटो में वामिका को देखते हुए अनुष्का हंसती नजर आ रही हैं। इस फोटो के कैप्शन में विराट ने लिखा है कि, ”बच्चे को जन्म देते देखना आसान बात नहीं है। यह किसी के लिए अविश्वसनीय और आश्चर्यजनक एक्सपीरियंस हो सकता है। जब आप इसे देखते हैं तो आप महिलाओं की असली ताकत और दिव्यता को समझते हैं और आप यह समझ पाते हैं कि भगवान ने उनके अंदर जीवन क्यों बनाया है।”
विराट ने आगे लिखा कि, ”ऐसा इसलिए है क्योंकि वे हम लोगों की तुलना में अधिक मजबूत हैं। मेरी ज़िंदगी की सबसे मज़बूत और सॉफ्ट दिल वाली महिला को महिला दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। साथ ही उसे भी बधाई जो अपनी मां की तरह ही बनने वाली है। और दुनिया की सभी अद्भुत महिलाओं को भी महिला दिवस मुबारक हो।”
बता दें कि कोहली और अनुष्का इस साल जनवरी में माता-पिता बने थे और दोनों ने इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी थी। अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर विराट और अपनी बेटी संग फोटो शेयर करते हुए लिखा, “हम प्यार करते हुए एक साथ रहे, हमारे प्यार और विश्वास को ‘वामिका’ के आने से एक नया मुकाम मिला है। कुछ ही मिनटों में आंसू, खुशी, चिंता और आनंद हर एक चीज का एहसास हुआ। हमारी नींद गायब है लेकिन दिल भरा है। आप सभी के प्यार और प्रार्थनाओं के लिए दिल से शुक्रिया।”
विराट और अनुष्का द्वारा बेटी का रखा गया नाम वामिका फैन्स को काफी पसंद आया था। अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण ही टीम इंडिया के कप्तान विराट पैटरनिटी लीव पर ऑस्ट्रेलिया का दौरा बीच में ही छोड़कर भारत लौट आए थे। कोहली की गैरमौजूदगी में भारत की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराते हुए बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी को लगातार दूसरी बार अपने नाम किया था।