केंद्र सरकार ने असंगठित क्षेत्र के करीब 38 करोड़ कामगारों के लिए ई-श्रम पोर्टल लॉन्च कर दिया है। श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव की अगुवाई में गुरुवार को पोर्टल की लॉन्चिंग हुई। इस पोर्टल के जरिए नेशनल डेटाबेस तैयार किया जाएगा और कामगारों के लिए ई-श्रम कार्ड जारी होगा। इस कार्ड में 12 अंकों का यूनिक नंबर होगा। ई-श्रम कार्ड देशभर में वैलिड है।
कोरोना काल में प्रभावित: पिछले साल कोरोना काल में लॉकडाउन की वजह से असंगठित क्षेत्र के कामगार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। वर्कर्स की नौकरी चली गई तो रोजी-रोटी का संकट भी पैदा हो गया। ऐसे में मजदूरों ने बड़े पैमाने पर घर की ओर वापसी की। इसी के बाद वर्कर्स के नेशनल डेटाबेस तैयार करने पर जोर दिया गया। हालांकि इस प्रक्रिया में भी सुस्ती आई और बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पोर्टल तैयार किया गया है। इस कदम का मकसद सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का एकीकरण करना है। श्रमिकों का विवरण राज्य सरकारों और विभागों द्वारा भी साझा किया जाएगा।