Mahindra XUV 700 SUV का लोगों में जबर्दस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि कंपनी ने इस लेटेस्ट SUV की शानदार बुकिंग दर्ज की है। कंपनी ने एक बयान जारी करके बताया कि XUV 700 को एक घंटे के अंदर 25 हजार बुकिंग मिली है। कंपनी ने दावा किया कि बुकिंग का यह आंकड़ा इंडियन ऑटोमोटिव इंडस्ट्री के लिए बेहद शानदार है।
आकर्षक इंट्रोडक्टरी कीमतों के साथ हुई बुकिंग
XUV 700 को कंपनी ने आकर्षक इंट्रोडक्टरी प्राइस के साथ लॉन्च किया है। कंपनी ने कहा था कि ये कीमतें SUV की शुरुआती 25 हजार बुकिंग्स के लिए उपलब्ध रहेंगी। XUV 700 की बुकिंग्स अब 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे फिर से शुरू होंगी। ग्राहक अपनी पसंदीदा XUV 700 SUV को डीलरशिप के साथ ही डिजिटल प्लैटफॉर्म्स पर भी बुक कर सकते हैं। कंपनी अगली 25 हजार बुकिंग पर भी इस SUV को आकर्षक कीमतों के साथ ऑफर करने वाली है।
इतनी है XUV 700 की शुरुआती कीमत
XUV 700 के बेस MX वेरियंट की शुरुआती कीमत 11.99 लाख रुपये है। वहीं, SUV के पेट्रोल टॉप एंड मैनुअल वेरियंट (XUV 700 AX7) की कीमत 17.59 लाख रुपये है। वहीं, इसके टॉप-ऑफ-द-लाइन AX7 डीजल ऑटोमैटिक वेरियंट की कीमत 19.79 लाख रुपये है।
W601 मोनोकॉक प्लैटफॉर्म और शानदार फ्रंट
XUV 700 को नए W601 मोनोकॉक प्लैटफॉर्म पर बनाया गया है और यह करीब हर मामले में मौजूदा XUV 500 के बड़ी है। SUV की लंबाई 4695mm, ऊंचाई 1755mm और चौड़ाई 1890mm है। इस SUV का वीलबेस 2750mm का है। SUV के फ्रंट में वर्टिकल क्रोम स्लेट्स का साथ नया ग्रिल दिया गया है, जो कंपनी के नए लोगो के साथ आता है।
18 इंच तक के डायमंड कट अलॉय वील्ज
इसके अलावा फ्रंट में आपको ट्विन C शेप LED डेटाइम रनिंग लाइट के साथ नए हेडलैंप्स भी देखने को मिलेंगे। फ्लशफिटिंग डोर हैंडल्स से लैस इस SUV के अलॉय वील्ज भी काफी स्पोर्टी हैं। SUV के सस्ते वेरियंट्स में कंपनी 17 इंच के स्टील और डायमंड कट अलॉट वील्ज ऑफर कर रही है। वहीं, AX7 ट्रिम में 18 इंच के डायमंड कट अलॉय वील्ज लगे हैं।
एलेक्सा सपोर्ट के साथ Adrenox
XUV 700 का इंटीरियर काफी प्रीमियम और कंफर्टेबल है। इसके साथ ही इसमें कई स्मार्ट फीचर भी दिए गए हैं। SUV में आपको एलेक्सा सपोर्ट के साथ Adrenox नाम की फुली कनेक्टेड कार टेक्नॉलजी मिलेगी। इसकी मदद से SUV के कई फंक्शन्स को वॉइस कमांड के जरिए कंट्रोल किया जा सकता है।
दमदार साउंड और बेहतरीन सेफ्टी फीचर
दमदार साउंड के लिए इसमें सोनी के 12 स्पीकर लगे हैं, जो बेहतरीन 3D सराउंड साउंड सिस्टम के साथ आते हैं। इसमें कंपनी सनरूफ के साथ सिक्स-वे पावर अडजस्टेबल सीट भी ऑफर कर रही है, जो मेमरी और वेल्कम फंक्शन से लैस हैं। सेफ्टी के लिए SUV में फ्रंट, साइड और कर्टेन एयरबैग्स के साथ हिल होल्ड/डिसेंट, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक और डाइमैनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम भी शामिल है।